सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र चंदौली में 569 नवआरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न

सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र चंदौली में 569 नवआरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न
राष्ट्रसेवा की शपथ लेकर बिहार पुलिस में शामिल हुए प्रशिक्षित जवान

चंदौली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के ग्रुप केंद्र चंदौली में सोमवार को बिहार पुलिस के 569 नवआरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। ग्रुप केंद्र के विशाल परेड मैदान में आयोजित इस समारोह में नवप्रशिक्षित जवानों ने अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक मार्च पास्ट किया। समारोह के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा।

बिहार राज्य में प्रशिक्षण केंद्रों की सीमित उपलब्धता तथा सीआरपीएफ की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था को देखते हुए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र चंदौली को सौंपी गई थी। सीआरपीएफ देशभर में अपने उच्च स्तरीय हथियार प्रशिक्षण, युद्ध कौशल, भूखल प्रशिक्षण और आंतरिक उपद्रव नियंत्रण की दक्षता के लिए जानी जाती है। इसी अनुशासित और गौरवशाली परंपरा के तहत इन नवआरक्षियों को कठोर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद सभी 569 नवआरक्षियों ने राष्ट्र और राज्य की सेवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करने की शपथ ली।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने जवानों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कर्तव्य के प्रति सदैव सजग रहने का आह्वान किया।

समारोह में राकेश कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी देखरेख में संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान शूटिंग, इंडोर और आउटडोर गतिविधियों समेत विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रथम कुमार ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संजय कुमार, विजय कुमार, बृजेश कुमार सहित अनेक अधिकारी, प्रशिक्षक और जवान मौजूद रहे।