ब्रिज नंबर 61 पर गर्डर लॉन्चिंग, योगनगरी ऋषिकेश-साबरमती ट्रेन का मार्ग बदला

उत्तर रेलवे के गाजियाबाद-सहारनपुर रेलखंड पर स्थित ब्रिज संख्या 61 पर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाना है। इस कार्य के लिए रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है। ब्लॉक के चलते यात्रियों की सुविधा एवं परिचालन व्यवस्था बनाए रखने के लिए योगनगरी ऋषिकेश-साबरमती रेलसेवा का मार्ग परिवर्तित किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी संख्या 19032 योगनगरी ऋषिकेश-साबरमती रेलसेवा, जो दिनांक 19 जून 2026 को योगनगरी ऋषिकेश से प्रस्थान करेगी, वह अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर टपरी-शामली-नोली-दिल्ली शाहदरा मार्ग से संचालित होगी।

मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन देवबंद, मुजफ्फरनगर, खतौली, सकौती टांडा, मेरठ कैंट, मेरठ सिटी, मोदी नगर और गाजियाबाद स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।