हरदोई में महंगाई, गैस कालाबाजारी और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, कांग्रेसी बोले- बढ़ी हुई कीमत तत्काल वापस ली जाए

हरदोई। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी तथा लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान ?महंगाई की मार, नहीं सहेगा हिंदुस्तान? और ?युवा विरोधी सरकार होश में आओ? जैसे नारों के साथ कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नीतियों पर हमला बोला। नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों ने जनता की कमर तोड़ दी है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतें तत्काल वापस ली जाएं, गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो तथा होम डिलीवरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह, विशाल नंदवंशी, आफताब हैदर, मोहन सिंह, मंजू लता मित्रा, हसन अहमद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।