बाबा इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए विद्यालय परिसर में रंगारंग पूल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने जमकर मस्ती करते हुए

बाबा इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए विद्यालय परिसर में रंगारंग पूल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने जमकर मस्ती करते हुए पूल पार्टी का आनंद लिया।

विद्यालय परिसर में लगाए गए पूल को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक खिलौनों से खूबसूरती से सजाया गया था। बच्चों को धूप से बचाने के लिए रंगीन छतरियों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। जैसे ही बच्चे पानी में उतरे, उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। छोटे-छोटे बच्चे पानी में छप-छप करते हुए खुशी से झूम उठे और फव्वारों के नीचे खड़े होकर बहते पानी का आनंद लेते दिखाई दिए।

कार्यक्रम के दौरान मधुर संगीत की धुनों पर बच्चों ने डांस कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया। पूल पार्टी में बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। आयोजन के अंत में विद्यालय की निदेशिका साधना वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने बच्चों को जूस, कैंडी, फ्रूट्स और आइसक्रीम वितरित की, जिसका बच्चों ने खूब आनंद लिया।

विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय और निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय होकर पढ़ाई के साथ मनोरंजन का संतुलन बनाना सीखते हैं।

प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि जल क्रीड़ा गतिविधियों से बच्चों की मानसिक एवं शारीरिक क्षमता का विकास होता है। गर्मी के मौसम में इस तरह के आयोजन बच्चों के लिए आनंददायक होने के साथ-साथ उनकी छुट्टियों को यादगार बनाने का माध्यम भी हैं।

इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित प्राइमरी विंग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।