मंगरौर पुल के नीचे नहर में किशोर का शव मिलने से सनसनी सूचना पर पहुंची चकिया कोतवाली पुलिस, जांच में जुटी

मंगरौर पुल के नीचे नहर में किशोर का शव मिलने से सनसनी
सूचना पर पहुंची चकिया कोतवाली पुलिस, जांच में जुटी


चकिया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के मंगरौर पुल के नीचे नहर में सोमवार सुबह एक किशोर का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची चकिया कोतवाली पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामप्रवेश पुत्र मोती, उम्र लगभग 15 वर्ष, अस्थाई निवासी मंगरौर पुल क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी माता चंचला देवी के साथ हनुमान मंदिर के पास रहता था। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में शव तैरता देखा, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।


मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रामप्रवेश को आखिरी बार क्षेत्र में घूमते देखा गया था। अचानक नहर में शव मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।


इस संबंध में चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।