हरदोई में तेज रफ्तार ट्रक ने ली दो चचेरे भाइयों की जान, बहन के घर कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, लौटते समय हुआ हादसा

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर चौराहे पर शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बिलग्राम थाना क्षेत्र के बरौली गांव निवासी आदेश कुमार और उनके चचेरे भाई धीरेंद्र कुमार लोनार क्षेत्र के जटोली गांव में अपनी बहन के घर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची लोनार थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।