फिरोजपुर: रेलकर्मी ने ईमानदारी दिखाकर महिला यात्री को लौटाया खोया बैग, नकदी व दस्तावेज सुरक्षित मिले

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर रेलकर्मी लगातार सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इसी कड़ी में टिकट चेकिंग स्टाफ के एक कर्मचारी ने ईमानदारी का परिचय देते हुए ट्रेन में छूटा हुआ बैग महिला यात्री को सुरक्षित लौटाकर सामाजिक कर्तव्य निभाया।

जानकारी के अनुसार 06 मई को ट्रेन संख्या 12925 पश्चिम सुपरफास्ट एक्सप्रेस में नई दिल्ली से अमृतसर तक टिकट चेकिंग स्टाफ प्रभसिमरन सिंह की ड्यूटी तृतीय वातानुकूलित कोचों में लगी हुई थी। कोचों की जांच के दौरान चंडीगढ़ के बाद ड्यूटी पर तैनात जीआरपी स्टाफ द्वारा उन्हें सूचना दी गई कि एक यात्री का बैग ट्रेन में छूट गया है।

बताया गया कि बैग में करीब ₹9,000 नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। सहयात्रियों से पूछताछ करने पर पता चला कि यह बैग एक महिला यात्री का था, जो कोच छोड़कर आगे निकल गई थी। बैग की जांच करने पर उसमें एक बैंक पासबुक मिली, जिस पर दर्ज मोबाइल नंबर के जरिए संबंधित महिला यात्री से संपर्क किया गया।

मोबाइल पर बात करने पर जानकारी मिली कि महिला यात्री फिलहाल जनरल कोच में यात्रा कर रही है। इसके बाद टिकट चेकिंग स्टाफ प्रभसिमरन सिंह ने जीआरपी कर्मचारियों की मौजूदगी में बैग को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से महिला यात्री को सौंप दिया। बैग वापस मिलने पर महिला यात्री ने राहत की सांस ली और रेलवे स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

इस पूरे घटनाक्रम पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने रेलकर्मियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के कारण ही यात्रियों को रेलवे में सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त होता है।

रेलवे प्रशासन ने इस सराहनीय कार्य के लिए संबंधित कर्मचारियों की प्रशंसा की और इसे अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायक बताया।