हरदोई में जिंदपीर चौराहे की प्रतिमा पर बढ़ा विवाद, भीम आर्मी और मदारी पासी जागृति मंच ने किया प्रदर्शन, बोले- पासी समाज की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी

हरदोई। शहर के जिंदपीर चौराहे पर स्थापित की गई प्रतिमा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शाम छह बजे प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम से पहले भीम आर्मी और मदारी पासी जागृति मंच के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग चौराहे पर पहुंचे और उपजिलाधिकारी सदर मयंक कुंडू को ज्ञापन सौंपा।
पिछले कई दिनों से शहर में चर्चा थी कि जिंदपीर चौराहे पर किस महापुरुष की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा को अब तक कपड़े से ढंककर रखा गया है, जिससे लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। इसी बीच विरोध कर रहे संगठनों ने मांग उठाई कि वहां मदारी पासी की प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी अन्य व्यक्ति की प्रतिमा लगाई गई तो इसका विरोध किया जाएगा।
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष करन वर्मा पासी ने कहा कि उनका संगठन सभी महापुरुषों का सम्मान करता है, लेकिन समाज के अपने नायकों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पासी समाज के इतिहास और संघर्ष को नजरअंदाज करने का प्रयास हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि लोकार्पण कार्यक्रम से पहले प्रतिमा को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए।
फिलहाल पूरे शहर की निगाहें शाम को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम पर टिकी हैं, जहां प्रतिमा से जुड़ा सस्पेंस खत्म होने के साथ विवाद और बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।