पुलिस ने 5.11 करोड़ का मादक पदार्थ किया नष्ट, 91 मामलों में जब्त ड्रग्स जलाई

श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए 5.11 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को आज एसपी हरिशंकर यादव की मौजूदगी में नष्ट किया गया। न्यायालय से भौतिक सत्यापन के बाद यह कार्रवाई कालियां स्थित श्याम क्लिन कंपनी के ईंट भट्ठे पर की गई।

91 मामलों का मादक पदार्थ नष्ट....
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि कुल 91 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थ का नष्टीकरण किया गया। इसमें 569 किलो पोस्त, 16 किलो गांजा, 1.979 किलो हेरोइन व स्मैक तथा 5365 नशीली गोलियां शामिल थीं। न्यायालय की अनुमति और भौतिक सत्यापन के बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत सभी मादक पदार्थों को ईंट भट्ठे में जलाकर नष्ट किया गया।

विशेष कमेटी की देखरेख में कार्रवाई....
एसपी हरिशंकर यादव के निर्देशन में गठित विशेष कमेटी की निगरानी में नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। कमेटी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, अपराध सहायक रामप्रताप और एनडीपीएस सैल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक हरप्रीत सिंह सैनी शामिल रहे। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।

नशे के खिलाफ अभियान जारी....
एसपी हरिशंकर यादव ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जब्त मादक पदार्थों का समय पर नष्टीकरण होने से थानों में जगह की समस्या भी दूर होती है और दुरुपयोग की आशंका नहीं रहती। पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।