फेसबुक पोस्ट को लेकर विवाद: पूर्व पार्षद छोटू पंडित पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में एक फेसबुक पोस्ट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नगरपालिका कर्मी रणदीप उर्फ संदीप गिल ने पूर्व पार्षद छोटू पंडित पर गंभीर आरोप लगाते हुए सिटी पुलिस थाने में परिवाद सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

आतंकवादी लिखने का आरोप....

संदीप गिल का आरोप है कि पूर्व पार्षद छोटू पंडित ने अपनी फेसबुक पोस्ट में उन्हें ?आतंकवादी? लिखकर संबोधित किया। परिवाद में कहा गया है कि इस पोस्ट से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संदीप गिल सूरतगढ़ नगरपालिका में कर्मचारी हैं। पोस्ट सामने आने के बाद शहर में चर्चा का विषय बन गई।

थाने में दिया परिवाद....

संदीप गिल ने सूरतगढ़ सिटी थाना पहुंच कर पूर्व पार्षद छोटू पंडित के खिलाफ लिखित परिवाद सौंपा। परिवाद में फेसबुक पोस्ट का हवाला देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। संदीप ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह की टिप्पणी से उनकी छवि धूमिल हुई है और समुदाय विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

पुलिस जांच में जुटी....

सिटी थाना पुलिस ने परिवाद मिलने की पुष्टि की है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिवाद प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। फेसबुक पोस्ट की सत्यता और तथ्यों की पड़ताल के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले पर पूर्व पार्षद छोटू पंडित की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी। शहर में मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।