मध्य रेल: आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 1367 दलाल गिरफ्तार 43.67 लाख का अवैध माल जब्त, 3.09 करोड़ का खोया सामान यात्रियों को लौटाया

मुंबई। मध्य रेल की रेलवे सुरक्षा बल (RPF) टीमों ने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए चलाए गए विशेष अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। मध्य रेल द्वारा जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच चलाए गए अभियानों के तहत 1367 दलालों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 43.67 लाख रुपये मूल्य का अवैध माल जब्त किया गया। इसके अलावा यात्रियों का 3.09 करोड़ रुपये मूल्य का खोया सामान बरामद कर वापस लौटाया गया।

मध्य रेल द्वारा ऑपरेशन उपलभद,ऑपरेशन नारकोस,ऑपरेशन सतर्क और ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत एक साथ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।

ऑपरेशन उपलभद: दलालों व अनाधिकृत प्रवेश पर शिकंजा

आरपीएफ ने आरक्षित यात्रियों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए दलालों और आरक्षित कोचों में अवैध प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस दौरान 1377 मामले दर्ज किए गए तथा 1367 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनसे कुल 2,87,400 रुपये जुर्माना वसूला गया।

मंडलवार आंकड़ों के अनुसार मुंबई मंडल में सर्वाधिक 998 मामले दर्ज कर 986 लोगों को पकड़ा गया।

ऑपरेशन नारकोस: गांजा तस्करी के 13 मामले पकड़े

मध्य रेल द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ?ऑपरेशन नारकोस? चलाया गया। इसके तहत 13 मामलों में 21.92 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया गया तथा 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ऑपरेशन सतर्क: तंबाकू व शराब की तस्करी पर कार्रवाई

ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ ने प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 मामलों में 16,286 किलोग्राम तंबाकू जब्त किया, जिसकी कीमत 5.61 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इसके साथ ही अवैध शराब के खिलाफ अभियान में 28 मामलों में 9.45 लाख मिलीलीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 16.14 लाख रुपये आंकी गई। इस कार्रवाई में 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ऑपरेशन अमानत: 744 सामान बरामद कर लौटाया गया

यात्रियों का खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस दिलाने के लिए चलाए गए ऑपरेशन अमानत में आरपीएफ ने 744 सामान बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 3,09,46,740 रुपये रही। सत्यापन के बाद यह सामान संबंधित यात्रियों को सौंप दिया गया।

यात्रियों से अपील

मध्य रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट के साथ यात्रा करें, दलालों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा लावारिस सामान की जानकारी तुरंत आरपीएफ/जीआरपी/रेलवे ड्यूटी स्टाफ या हेल्पलाइन 139 पर दें।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आरपीएफ का यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।