महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के साथ ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे कर्मचारी संगठन की बैठक सम्पन्न

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के साथ ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे कर्मचारी संगठन की बैठक सम्पन्न

पदोन्नति, स्थानांतरण व कर्मचारी कल्याण से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर स्थित सभागार में सोमवार को महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की अध्यक्षता में ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे कर्मचारी संगठन, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के पदाधिकारियों के साथ बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

बैठक में संगठन के जोनल प्रेसिडेंट एम.एस. खोब्रागड़े, जोनल सेक्रेटरी प्रभात पासवान, जोनल वर्किंग प्रेसिडेंट जी. चन्द्रशेखर सहित बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर मंडलों के संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं रेलवे प्रशासन की ओर से सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी आदित्य कुमार तथा मुख्य कार्मिक अधिकारी (आईआर) डॉ. दर्शनिता बी. अहलुवालिया भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक के समक्ष पदोन्नति, स्थानांतरण तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के रेल कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मांगों को रखा। इस पर विभागाध्यक्षों ने विभागवार जानकारी देते हुए आवश्यक स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं एवं शिकायतों का नियमानुसार, संवेदनशीलता के साथ और शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कर्मचारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक को सकारात्मक बताते हुए संगठन पदाधिकारियों ने रेलवे प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई।