कानपुर सेंट्रल पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान, 1289 यात्री प्रभारित 5.17 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया

कानपुर सेंट्रल पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान, 1289 यात्री प्रभारित

5.17 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया

कानपुर। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा उप मुख्य यातायात प्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे, कानपुर आकाशु गोविल के नेतृत्व में 09 मई 2026 से 13 मई 2026 तक संचालित किया गया।

रेलवे प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान टिकट जांच स्टाफ ने बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों, धूम्रपान करने वालों एवं अनबुक्ड लगेज ले जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।

रेलवे के अनुसार अभियान के दौरान कुल 1289 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के तहत प्रभारित किया गया, जिनसे कुल 5,17,620 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें 310 बिना टिकट यात्रियों से 2,22,680 रुपये, 489 अनियमित यात्रा करने वालों से 2,45,740 रुपये, जबकि 490 गंदगी व धूम्रपान करने वाले यात्रियों से 49,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने बताया कि यह अभियान न केवल रेलवे राजस्व बढ़ाने में सहायक रहा, बल्कि स्टेशन परिसर में अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट के साथ यात्रा करें, नियमों का पालन करें तथा स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि कूड़ा-कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दें।

प्रयागराज मंडल ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।