रोडवेज में संविदा चालक बनने का अवसर, मुरादाबाद में 16 मई को चयन प्रक्रिया

रोजगार मेला: यूपी परिवहन निगम में 250 संविदा चालकों की भर्ती

16 मई को मुरादाबाद में होगा चयन, ड्राइविंग टेस्ट के बाद होगी नियुक्ति

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी परिवहन निगम) मुरादाबाद क्षेत्र में अनुबंध के आधार पर 250 संविदा चालकों की भर्ती के लिए रोजगार मेला आयोजित कर रहा है। यह रोजगार मेला 16 मई 2026 (शनिवार) को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, यूपी परिवहन निगम, लाजपत नगर, मुरादाबाद (244001) में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं पास रखी गई है। इसके साथ ही उम्मीदवार की लंबाई कम से कम 5 फीट 3 इंच होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी के पास भारी वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए, जो कम से कम दो वर्ष पुराना हो।

आयु सीमा के अनुसार उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 23 वर्ष 6 माह तथा अधिकतम आयु 58 वर्ष निर्धारित की गई है। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

यूपी परिवहन निगम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार संविदा चालकों को ₹2.20 प्रति किलोमीटर (ग्रामीण जन सेवा के लिए ₹2.32 प्रति किलोमीटर) के आधार पर भुगतान किया जाएगा। साथ ही 22 दिन ड्यूटी एवं 5000 किलोमीटर बस संचालन करने पर ₹3000 अतिरिक्त, तथा 24 दिन ड्यूटी एवं 6000 किलोमीटर संचालन पर ₹4000 अतिरिक्त भुगतान की सुविधा दी जाएगी।

निगम ने बताया कि दुर्घटना की स्थिति में बीमा योजना के अंतर्गत चालक की मृत्यु होने पर ₹5 लाख तथा यात्री राहत कोष के अंतर्गत ₹7.5 लाख तक सहायता राशि देने का प्रावधान है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का ड्राइविंग टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। सफल उम्मीदवारों को चयनित कर संविदा चालक के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग यादव ने बताया कि यह रोजगार मेला युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में शामिल होकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।