सीडीओ ने किसान सेवा सहकारी समिति का किया औचक निरीक्षण, अभिलेख अद्यतन व उर्वरक उपलब्धता के दिए निर्देश

मुरादाबाद। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने विकास खण्ड-मुरादाबाद क्षेत्र अंतर्गत किसान सेवा सहकारी समिति, लोधीपुर जवाहर नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति की व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं उर्वरक वितरण व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के समय दीपक शर्मा, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) विकास खण्ड-मुरादाबाद, इकरामुद्दीन सचिव, नरेन्द्र पाल सहयोगी तथा दीपांशू सहयोगी उपस्थित रहे।

सीडीओ ने निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता मुरादाबाद को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि समिति पर उपलब्ध समस्त अभिलेखों को शीघ्र अद्यतन कराया जाए तथा इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने जनपद की सभी सहकारी समितियों पर उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता एवं उनके सुचारू वितरण के लिए कार्य योजना बनाकर अमल में लाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि उर्वरक समितियों का समय-समय पर निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को किसी भी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े।

सीडीओ ने स्पष्ट किया कि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।