जम्मू मंडल में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की पुनः नियुक्ति, 80 पदों पर होगा चयन

जम्मू। वर्ष 2025 में जम्मू मंडल के गठन के बाद विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की कमी को पूरा करने और कार्य व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के तहत जम्मू मंडल के महत्वपूर्ण विभागों?परिचालन (ऑपरेटिंग), वाणिज्यिक (कमर्शियल), कार्मिक (पर्सनल) तथा सामान्य प्रशासन (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन)?में सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों की पुनः नियुक्ति (Re-engagement) का निर्णय लिया गया है।

रेलवे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इस प्रक्रिया के तहत कुल 80 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुनः नियुक्त किया जाएगा। विभागवार विवरण के अनुसार परिचालन विभाग में 12, वाणिज्य विभाग में लगभग 48, जबकि कार्मिक एवं सामान्य प्रशासन विभागों में लगभग 20 कर्मचारियों की पुनः नियुक्ति प्रस्तावित है।

आयु सीमा और पात्रता

इस भर्ती प्रक्रिया में आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवार की अधिकतम आयु 64 वर्ष 6 माह निर्धारित की गई है। पुनः नियुक्ति केवल 65 वर्ष की आयु तक ही मान्य होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का उसी कैडर/श्रेणी से सेवानिवृत्त होना आवश्यक होगा। साथ ही समान पे-लेवल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उच्च पे-लेवल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तुलना में प्राथमिकता दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन नामित समिति द्वारा पिछले 5 वर्षों के APAR ग्रेडिंग (कम से कम ?Good?), कार्य अनुभव तथा सतर्कता क्लीयरेंस के आधार पर किया जाएगा।

अधिकारियों ने जताई उम्मीद

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का वर्षों का अनुभव और कार्य के प्रति निष्ठा जम्मू मंडल के संचालन को मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा कि नई मंडल संरचना के तहत सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल से न केवल मंडल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राष्ट्रहित में पुनः अपनी सेवाएं देने का अवसर भी प्राप्त होगा।

राघवेंद्र सिंह, जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल