कसारा सेक्शन में विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक, 12 और 13 मई को लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित

मुंबई। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा अतिक्रमण हटाने से संबंधित प्रारंभिक ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) कार्य के लिए कसारा क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ब्लॉक 12 मई 2026 (मंगलवार) और 13 मई 2026 (बुधवार) को दोपहर 15:50 बजे से 17:50 बजे तक लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त 13/14 मई, 14/15 मई तथा 15/16 मई की मध्यरात्रि में भी 03:00 बजे से 05:00 बजे तक विशेष ब्लॉक रहेगा। यह ब्लॉक इगतपुरी-कसारा सेक्शन की अप एवं डाउन मेन लाइनों पर लागू होगा।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि 12 और 13 मई को ब्लॉक अवधि के दौरान इस सेक्शन में लोकल ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इस दौरान कुछ लोकल ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा। सीएसएमटी से कसारा जाने वाली लोकल ट्रेनें एन-19, एन-21 और एन-23, जो क्रमशः 13:10 बजे, 14:17 बजे और 14:46 बजे सीएसएमटी से रवाना होती हैं, उन्हें आसनगांव पर ही समाप्त कर दिया जाएगा। वहीं कसारा से सीएसएमटी जाने वाली लोकल ट्रेनें आसनगांव से प्रारंभ की जाएंगी। एन-24 जो सामान्यतः 15:35 बजे कसारा से चलती है, वह अब 16:12 बजे आसनगांव से चलेगी। इसी प्रकार एन-26 जो 16:16 बजे कसारा से चलती है, वह 16:54 बजे आसनगांव से चलेगी तथा एन-28 जो 17:02 बजे कसारा से चलती है, वह 17:39 बजे आसनगांव से रवाना होगी।

रेलवे के अनुसार ब्लॉक से पहले कसारा के लिए अंतिम लोकल ट्रेन एन-17 सीएसएमटी-कसारा रहेगी, जो 12:30 बजे सीएसएमटी से रवाना होगी। वहीं सीएसएमटी के लिए कसारा से अंतिम लोकल ट्रेन एन-22 होगी, जो 14:42 बजे कसारा से चलेगी। ब्लॉक के बाद कसारा के लिए पहली लोकल ट्रेन एन-25 होगी, जो 16:50 बजे सीएसएमटी से रवाना होगी, जबकि सीएसएमटी के लिए कसारा से पहली लोकल ट्रेन एन-30 होगी, जो 18:17 बजे कसारा से प्रस्थान करेगी।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस ब्लॉक का मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा तथा मध्यरात्रि में लिए जाने वाले ब्लॉकों के कारण भी ट्रेन संचालन प्रभावित नहीं होगा। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि असुविधा के लिए सहयोग करें, क्योंकि यह कार्य रेल संरक्षा एवं आधारभूत ढांचे के रखरखाव के लिए आवश्यक है। यह जानकारी मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला द्वारा दी गई।