हरदोई में किसान ने पेड़ से लटककर की आत्महत्या, शर्ट पर लेखपाल का नाम लिखा मिलने से हड़कंप, ADM बोले- प्रथम दृष्टया कारण स्पष्ट नहीं

हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पूरा बहादुर में एक किसान द्वारा पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रणवीर सिंह निवासी पूरा बहादुर के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 58 वर्ष बताई गई है।
शुक्रवार को गांव के बाहर खेत में सागौन के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
घटना के बाद उस समय मामला और चर्चाओं में आ गया, जब मृतक की शर्ट पर ?लेखपाल अरुणेश यादव के कारण? लिखा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, रणवीर सिंह किसी कार्य से लेखपाल से मिलने गए थे। आरोप है कि वहां उन्हें अपमानित किया गया, जिससे वह आहत थे। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में अभी कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आए हैं। मामले की जांच राजस्व विभाग और एलआईयू द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों में फिलहाल कोई विवाद या आरोप स्पष्ट नहीं मिला है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।