सुहाने मौसम में बढ़ी श्रद्धालुओं की आस्था, मां वैष्णो देवी भवन के लिए 20 हजार भक्त रवाना

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में मौसम अनुकूल होते ही मां वैष्णो देवी यात्रा में एक बार फिर रौनक बढ़ गई है। सुहाने मौसम और श्रद्धा के उत्साह के बीच बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना हुए।

शाम करीब छह बजे तक लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर यात्रा शुरू की। यात्रा मार्ग पर दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।

श्राइन बोर्ड एवं प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध करवाई गईं। हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं लगातार संचालित होने से बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष सहूलियत मिली।

देशभर से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और श्राइन बोर्ड द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके।

मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ रही भक्तों की आस्था से कटड़ा में धार्मिक उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।