स्वच्छता पर सख्ती: गंदगी फैलाने के 2631 मामलों में रेलवे ने वसूला 2.91 लाख जुर्माना

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साफ-सफाई केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यात्रियों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए रेलवे द्वारा सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। हालांकि स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए यात्रियों का सहयोग बेहद जरूरी है।

उन्होंने जानकारी दी कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अप्रैल माह में ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाने के 2631 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने कुल 2.91 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार स्टेशन परिसर या ट्रेन में गंदगी फैलाने पर 100 रुपये से 500 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। वहीं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखें और कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि सभी यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके।

यात्रियों के लिए अपील

कचरा हमेशा डस्टबिन में डालें

ट्रेन व प्लेटफॉर्म को गंदा न करें

धूम्रपान और थूकने से बचें

नियमों का पालन कर यात्रा को सुरक्षित व सुखद बनाएं

रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों के सहयोग से ही स्वच्छ रेलवे और बेहतर यात्रा अनुभव संभव है।