अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस पर जोधपुर रेलवे स्टेशन पर विविध कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस पर जोधपुर रेलवे स्टेशन पर विविध कार्यक्रम आयोजित

हाउसकीपिंग स्टाफ का किया गया सम्मान, गुलाब भेंट कर जताया आभार

जोधपुर। अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में जोधपुर रेलवे स्टेशन परिसर में कार्यरत हाउसकीपिंग स्टाफ के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर जोगेंद्र मीणा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस अवसर पर स्टेशन पर तैनात सभी सफाई कर्मियों को गुलाब का फूल भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण एवं निरंतर मेहनत के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने में हाउसकीपिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के सतत प्रयासों के कारण ही स्टेशन स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बना रहता है। स्वच्छ वातावरण यात्रियों को बेहतर अनुभव देता है और रेलवे की छवि को भी मजबूत करता है।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि शहर की पहचान का प्रमुख केंद्र है। स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखना न सिर्फ कर्मचारियों की जिम्मेदारी है, बल्कि यह पूरे शहर की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है।

इस अवसर पर सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर लुकमान अली, स्टेशन अधीक्षक, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी हाउसकीपिंग कर्मचारियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।