ग्रीष्मकाल में यात्रियों को बड़ी राहत: लालकुआँ-राजकोट-लालकुआँ समर स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू

बरेली। ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा की मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत 05045/05046 लालकुआँ-राजकोट-लालकुआँ ग्रीष्मकालीन विशेष रेलगाड़ी का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन लालकुआँ से 17 मई से 12 जुलाई 2026 तक प्रत्येक रविवार तथा राजकोट से 18 मई से 13 जुलाई 2026 तक प्रत्येक सोमवार को कुल 09 फेरों के लिए चलाई जाएगी।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 05045 लालकुआँ-राजकोट समर स्पेशल ट्रेन लालकुआँ से दोपहर 12:35 बजे प्रस्थान करेगी और किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर सहित अनेक प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन शाम 18:10 बजे राजकोट पहुंचेगी।

वहीं वापसी में 05046 राजकोट-लालकुआँ समर स्पेशल ट्रेन राजकोट से रात 22:30 बजे रवाना होगी और वांकानेर, सुरेन्द्रनगर, महेसाना, जोधपुर, जयपुर, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सुबह 05:15 बजे लालकुआँ पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 18 कोच लगाए हैं, जिनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तथा वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं। इससे विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को यात्रा का बेहतर विकल्प मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल संजीव शर्मा ने बताया कि यह विशेष ट्रेन ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चलाई जा रही है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके और भीड़ का दबाव कम हो।

रेलवे की इस पहल से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को गुजरात के राजकोट सहित पश्चिम भारत की ओर यात्रा करने में काफी सहूलियत मिलेगी। यात्रियों ने रेलवे के इस निर्णय को राहतभरा और सराहनीय कदम बताया है।