प्रताप नगर-लालकुआं के बीच चलेगी सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत

बरेली। ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए 09119 प्रताप नगर-लालकुआं सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी तथा 09120 लालकुआं-प्रताप नगर सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी के संचालन का निर्णय लिया है। यह सेवा कुल 18 फेरों के लिए चलाई जाएगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि 09119 प्रताप नगर-लालकुआं विशेष ट्रेन प्रताप नगर से 03, 10, 17, 24, 31 मई एवं 07, 14, 21, 28 जून 2026 तक प्रत्येक रविवार को चलाई जाएगी। वहीं वापसी में 09120 लालकुआं-प्रताप नगर विशेष ट्रेन लालकुआं से 04, 11, 18, 25 मई एवं 01, 08, 15, 22, 29 जून 2026 तक प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी।

09119 प्रताप नगर-लालकुआं विशेष ट्रेन प्रताप नगर से 17:00 बजे प्रस्थान कर बड़ोदरा, गोधरा, दाहोद, रतलाम, कोटा, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा जं., हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूँ, बरेली जं., बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी व किच्छा होते हुए अगले दिन 12:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

वापसी में 09120 लालकुआं-प्रताप नगर विशेष ट्रेन लालकुआं से 15:50 बजे चलकर किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जं., बदायूँ, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा जं., भरतपुर, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, दाहोद, गोधरा और बड़ोदरा होते हुए अगले दिन 11:30 बजे प्रताप नगर पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 02 एसी द्वितीय श्रेणी, 06 एसी तृतीय श्रेणी, 06 शयनयान, 04 साधारण द्वितीय श्रेणी, 01 एलडब्ल्यूएलआरआरएम तथा 01 एलएसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें तथा समय पर स्टेशन पहुंचकर यात्रा करें।