जम्मू मंडल में अमृत भारत स्टेशन परियोजना तेज़, कई स्टेशनों पर 80% तक कार्य पूर्ण

जम्मू। जम्मू मंडल में रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से चल रही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कार्य तेजी से प्रगति पर है। रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए स्टेशनों के कायाकल्प का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

मंडल के प्रमुख स्टेशनों में पठानकोट, उधमपुर और गुरदासपुर स्टेशन पर अमृत भारत योजना के अंतर्गत निर्माण एवं विकास कार्य लगभग 80 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। वहीं बड़गांव स्टेशन पर भी कार्य तेज़ी से जारी है, जहां लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

इस संबंध में सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने बताया कि जम्मू मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कार्यों की रफ्तार काफी तेज़ है और समयबद्ध तरीके से इन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना रेलवे की प्राथमिकता है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाएं, स्वच्छता, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्लेटफॉर्म व्यवस्था, सुगम प्रवेश-निकास, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।

रेलवे की इस पहल से जम्मू मंडल के स्टेशनों की तस्वीर बदलने वाली है और यात्रियों को आने वाले समय में पहले से कहीं अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।