जम्मू मंडल में डिजिटल क्रांति, RailOne ऐप और ऑनलाइन पेमेंट से यात्रियों को बड़ी सुविधा

जम्मू। रेलवे की डिजिटल पहल अब यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा बनती जा रही है। जम्मू मंडल में RailOne ऐप और अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अब मंडल में रोजाना करीब 45 प्रतिशत यात्री डिजिटल पेमेंट के जरिए टिकट और अन्य सेवाओं का भुगतान कर रहे हैं।

सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने बताया कि यात्रियों को डिजिटल माध्यम अपनाने के लिए मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर लगातार दिन-रात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यात्रियों को RailOne ऐप के उपयोग, ऑनलाइन टिकट बुकिंग, UPI भुगतान, QR कोड स्कैन और डिजिटल ट्रांजेक्शन की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान से यात्रियों को टिकट लेने में समय की बचत हो रही है, लंबी कतारों से राहत मिल रही है और भुगतान प्रक्रिया अधिक सुरक्षित व पारदर्शी बन रही है। इसके साथ ही रेलवे के कार्यों में भी तेजी और आधुनिक व्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है।

रेलवे द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का यात्रियों पर सकारात्मक असर दिख रहा है और डिजिटल भुगतान का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। जम्मू मंडल में रेलवे की यह पहल" डिजिटल इंडिया"अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ यात्रियों के सफर को और अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक बना रही है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में डिजिटल भुगतान करने वाले यात्रियों की संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।