हरदोई में ज्वैलरी लूट का मामला, मुठभेड़ में एक और आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद

हरदोई। टंडियावां थाना क्षेत्र में ज्वैलरी व्यापारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 3 अप्रैल 2026 की है, जब गोपामऊ निवासी सर्वेश रस्तोगी अपने पुत्र के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में बाजार पुरवा के पास दो बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी मोटरसाइकिल रुकवाकर बैग लूट लिया, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और करीब 1.5 लाख रुपये नकद थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में 16 पुलिस टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस के अनुसार, 5/6 मई की रात बर्रा तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी प्रियांशु त्रिवेदी निवासी सीतापुर पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सीओ हरियावां अजीत चौहान के मुताबिक, आरोपी के पास से बिना नंबर की बाइक, सोने के झाले, अंगूठियां, 315 बोर तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो नाबालिगों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है। उनके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए थे। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।