हरदोई में मंत्री नितिन अग्रवाल ने 77 करोड़ की परियोजना का किया शिलान्यास, विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- जिन राज्यों में विपक्ष हारता है वहां हो जाती है बेईमानी

हरदोई। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने 77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली फोरलेन मार्ग परियोजना का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए पश्चिम बंगाल में NDA की प्रचंड जीत पर खुशी जताई। उन्होंने नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए वहां के कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन किया।
नितिन अग्रवाल ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में बंगाल ने दमनकारी शासन देखा है, जिसमें 35 वर्ष वामपंथी सरकार और 15 वर्ष ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार शामिल रही। इस दौरान युवाओं के अधिकारों की अनदेखी हुई। उन्होंने कहा कि घुसपैठ, बेरोजगारी और युवाओं का पलायन इस चुनाव के प्रमुख मुद्दे रहे, जिससे जनता में आक्रोश था।
उन्होंने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार, गुंडाराज और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता ने मतदान कर बदलाव का समर्थन किया है। अब नई सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों के हित में काम करेगी।
साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले उन्हें केरल चुनाव पर सवालों का जवाब देना चाहिए।
मंत्री ने विपक्ष पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां विपक्ष हारता है वहां चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि जीत मिलने पर निष्पक्ष चुनाव बताया जाता है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने 15 से 50 वर्षों की दमनकारी राजनीति का अंत खात्मा कर दिया है।