इज्जतनगर मंडल में गर्मी से बचाव को लेकर संगोष्ठी, 250 कर्मचारियों को दिए गए स्वास्थ्य संबंधी सुझाव

बरेली। गर्मी के मौसम में कर्मचारियों एवं यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इज्जतनगर रेल मंडल द्वारा ?गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव? विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों सहित लगभग 250 पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

संगोष्ठी के दौरान मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने रेलवे कर्मचारियों को गर्मी के मौसम में सतर्कता के साथ कार्य करने और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी में सावधानी बरतना आवश्यक है, जिससे लू और अन्य गर्मीजनित बीमारियों से बचा जा सके।

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि मंडल के सभी स्टेशनों पर यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा हेतु पीने के पानी, पंखे, कूलर आदि की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग ने लू से होने वाली बीमारियों के लक्षण एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों को हल्के और सूती कपड़े पहनने, साथ में नमक-चीनी का घोल या ओआरएस रखने तथा समय-समय पर पर्याप्त मात्रा में सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने सभी क्रू लॉबी में भी पर्याप्त मात्रा में ओआरएस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ गाबा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से लू से होने वाली बीमारियों के उपचार एवं रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण चिकित्सीय सुझाव साझा किए।

रेल प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार की संगोष्ठियां कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक साबित हो रही हैं।

संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल