भाजपा की जीत पर हरदोई में जश्न, अल्पसंख्यक मोर्चा के नेताओं में भी खुशी, आरिफ खान शानू बोले- जनता ने विकास की राजनीति को दिया समर्थन

हरदोई। भारतीय जनता पार्टी की चुनावी सफलता को लेकर जिले में जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री आरिफ खान शानू ने कार्यकर्ताओं के साथ खुशी मनाते हुए इसे जनता की जीत बताया।
आरिफ खान शानू ने कहा कि देश की जनता अब सीधे जुड़ाव और विकास आधारित राजनीति को पसंद कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कूटनीतिक सोच और नेतृत्व के कारण पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक सफलता मिली है। साथ ही असम और पुडुचेरी में भी ऐतिहासिक जीत से भाजपा को मजबूती मिली है।
उन्होंने दावा किया कि इन चुनाव परिणामों का असर आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में भी दिखाई देगा। उनके अनुसार, भाजपा एक बार फिर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और विकास की गति को आगे बढ़ाएगी।
आरिफ खान शानू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल समेत अन्य राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं में बेचैनी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विपक्ष के कई नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर भरोसा जताया है और यही विश्वास भविष्य के चुनावों में भी पार्टी की जीत का आधार बनेगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।