देवेंद्र पाराशर बने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन अलीगढ़ के जिलाध्यक्ष

अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार के क्रम में कस्बा इगलास निवासी देवेंद्र पाराशर को जनपद अलीगढ़ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ सिंह के निर्देश पर किया गया, जिसकी औपचारिक घोषणा प्रदेश महामंत्री डॉ. नरेश पाल सिंह द्वारा जारी पत्र के माध्यम से की गई।

देवेंद्र पाराशर के जिलाध्यक्ष बनाए जाने की सूचना मिलते ही जनपद भर के पत्रकारों में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न तहसीलों से जुड़े पत्रकार साथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पत्रकारों की समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से कराया जाएगा। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ सिंह, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, महामंत्री डा. नरेश पाल सिंह, मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह आदि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि जनपद के पत्रकारों को एकजुट कर उनकी आवाज को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, समस्याओं के समाधान और संगठन के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण अंचलों में कार्यरत पत्रकारों को मंच प्रदान कर उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा, जिससे पत्रकारिता को मजबूती मिल सके। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मथुरा विनोद अग्रवाल, जिलाध्यक्ष बुलंदशहर विजय राघव, जिलाध्यक्ष एटा पंकज गुप्ता, जिलाध्यक्ष हाथरस शुभनाथ पुरोहित, मंडल महामंत्री योगेश कौशिक, विवेक शर्मा, करन चौधरी सहित अमन मलिक, अशोक शर्मा, केपी राजपूत, अमित वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, विश्वास शर्मा समेत अनेक पत्रकारों ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।