अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026: अलीगढ़ में अस्पतालों, उद्योगों व ग्रामीण क्षेत्रों में फायर मॉक ड्रिल, जागरूकता अभियान तेज

अलीगढ़। अग्निशमन तथा आपात सेवा अलीगढ़ द्वारा अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष की थीम है?

"Safe School, Safe Hospital & Fire Safety Aware Society-Together for Fire Prevention"

अर्थात "सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज-आग की रोकथाम के लिए एक साथ"।

पुलिस महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन 19 अप्रैल को जिले के विभिन्न स्थानों पर फायर मॉक ड्रिल एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

अस्पतालों में फायर मॉक ड्रिल, स्टाफ को दी गई महत्वपूर्ण ट्रेनिंग

अग्निशमन अधिकारी बन्नादेवी द्वारा जीवन ज्योति अस्पताल (सारसौल चौराहा), पी.के. अस्पताल (खैर रोड) एवं वेद अस्पताल (खैर रोड, अलीगढ़) में उपस्थित स्टाफ के साथ फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस दौरान अस्पताल स्टाफ को बताया गया कि अस्पताल में आग लगना बेहद गंभीर स्थिति होती है क्योंकि वहां मरीजों की अधिक संख्या, ऑक्सीजन सिलेंडर, इलेक्ट्रिक उपकरण और ज्वलनशील सामग्री मौजूद रहती है। ऐसे में सही समय पर उचित कदम उठाकर जान-माल की हानि को रोका जा सकता है।

आग लगने पर क्या करें?

तुरंत अलार्म बजाएं और सभी को सूचना दें

फायर ब्रिगेड (101) पर कॉल करें

मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालें, लिफ्ट का उपयोग न करें

धुएं से बचने के लिए गीला कपड़ा नाक-मुंह पर रखें

संभव हो तो फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाएं

ऑक्सीजन और बिजली सप्लाई बंद कराएं

अफवाह और भगदड़ से बचें, सभी की गिनती सुनिश्चित करें

क्या न करें?

लिफ्ट का प्रयोग न करें

धुएं में सीधे खड़े होकर न चलें

बिना ट्रेनिंग के बड़ी आग बुझाने का प्रयास न करें

गभाना में औद्योगिक इकाई में मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को किया जागरूक

फायर सर्विस यूनिट फायर स्टेशन गभाना द्वारा पावना इंडस्ट्रीज गभाना अलीगढ़ में कर्मचारियों एवं स्टाफ के साथ फायर मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

इस दौरान उद्योग परिसर में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपायों, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया को समझाया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में जाकर आमजन को आग से बचाव की जानकारी दी गई तथा पम्पलेट वितरण किया गया।

अतरौली में डेयरी यूनिट में फायर ड्रिल, ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान

प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अतरौली द्वारा रवि लाला डेयरी एंड मिल्क प्रोडक्ट अतरौली में फायर मॉक ड्रिल कराई गई। उपस्थित स्टाफ को आग लगने पर तत्काल कार्रवाई, फायर एक्सटिंग्विशर संचालन और बचाव प्रक्रिया की ट्रेनिंग दी गई।

इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ग्रामीण आगजनी घटनाओं जैसे खलिहान, भूसा, खेतों में आग, गैस सिलेंडर, बिजली शॉर्ट सर्किट आदि से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

इगलास क्षेत्र में ग्रामीणों को जागरूक कर बांटे पम्पलेट

फायर सर्विस यूनिट फायर स्टेशन इगलास द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को आग लगने के कारणों और उससे बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। जागरूकता अभियान के दौरान पम्पलेट वितरण कर आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया, जिससे आग से होने वाली जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

अग्निशमन विभाग का संदेश: सतर्कता ही सुरक्षा है

अग्निशमन विभाग ने आमजन से अपील की कि आग जैसी घटनाओं से बचाव के लिए घर, अस्पताल, स्कूल, उद्योग एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड 101 पर सूचना दें।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत जनपद में आगे भी जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।