फिरोजपुर मंडल ने रचा इतिहास, एक दिन में रिकॉर्ड 13 मालगाड़ियों की लोडिंग

फिरोजपुर मंडल ने रचा इतिहास, एक दिन में रिकॉर्ड 13 मालगाड़ियों की लोडिंग

562 वैगनों में गेहूं-चावल भेजकर बनाया नया कीर्तिमान, देशभर में खाद्यान्न आपूर्ति को मिली मजबूती

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल ने खाद्यान्न परिवहन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम करते हुए एक ही दिन में 13 मालगाड़ियों की लोडिंग कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंडल द्वारा पंजाब से देश के विभिन्न हिस्सों तक खाद्यान्न आपूर्ति को निर्बाध एवं सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

रेल प्रशासन के अनुसार, मंडल भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं अन्य संबंधित खाद्य एजेंसियों की मांग को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय पर मालगाड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहा है। साथ ही, खाद्यान्नों की सुरक्षित लोडिंग, तेज परिवहन और सुचारु संचालन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे सामग्री निर्धारित गंतव्यों तक समय पर पहुंच सके।

इसी क्रम में 30 अप्रैल को फिरोजपुर मंडल ने एक ही दिन में 13 मालगाड़ियों की लोडिंग कर रिकॉर्ड बनाया। इन मालगाड़ियों में कुल 562 वैगनों की लोडिंग की गई, जो मंडल के इतिहास में एक नया मील का पत्थर माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मंडल के खासा, झंडियाला, तरन तारन, पट्टी, करतारपुर, बटाला, नकोदर, बंगा, गंगसर जैतों, नूरमहल, नवांशहर दोआबा, अजीतवाल और कोटकपूरा रेलवे स्टेशनों से एफसीआई द्वारा गेहूं और चावल की लोडिंग कर विभिन्न गंतव्यों के लिए मालगाड़ियों को रवाना किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजिव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल देशभर में खाद्यान्न आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहा है और आगे भी एजेंसियों की आवश्यकताओं के अनुरूप पूरी तत्परता के साथ कार्य करता रहेगा।