बनारस-हडपसर और लोकमान्य तिलक-अयोध्या के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के नियमित संचालन की घोषणा की है। इनमें पहली ट्रेन 22589/22590 बनारस-हडपसर-बनारस अमृत भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा दूसरी ट्रेन 22111/22112 लोकमान्य तिलक (ट.)-अयोध्या कैंट-लोकमान्य तिलक (ट.) अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 22589 का नियमित संचालन 02 मई 2026 से बनारस से शुरू होगा, जबकि गाड़ी संख्या 22590 का संचालन 04 मई 2026 से हडपसर से प्रारंभ होगा। यह ट्रेन दैनिक चलेगी। ट्रेन की संरचना में 8 स्लीपर, 11 सामान्य, 2 एसएलआर/डी तथा 1 पैंट्री कार सहित कुल 22 कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन बनारस से शाम 18:15 बजे प्रस्थान कर प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, अहिल्यानगर और दौंड होते हुए हडपसर पहुंचेगी।

वहीं दूसरी नई ट्रेन 22111/22112 लोकमान्य तिलक-अयोध्या कैंट अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन साप्ताहिक रहेगा। गाड़ी संख्या 22111 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 05 मई 2026 (मंगलवार) को सुबह 07:55 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन अयोध्या कैंट पहुंचेगी। जबकि गाड़ी संख्या 22112 अयोध्या कैंट से 06 मई 2026 (बुधवार) को दोपहर 13:50 बजे रवाना होकर लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

इस ट्रेन में भी 11 सामान्य, 8 स्लीपर, 2 एसएलआर/डी और 1 पैंट्री कार सहित कुल 22 कोच होंगे। ट्रेन थाणे, कल्याण, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, सतना, माणिकपुर, प्रयागराज जंक्शन, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने बताया कि इन नई अमृत भारत ट्रेनों के नियमित संचालन से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बेहतर सुविधा, अधिक सीट उपलब्धता और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।