डॉ. शिवम शर्मा ने दोबारा संभाला प्रयागराज में Sr. DOM का पद

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत डॉ. शिवम शर्मा ने पुनः प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM) के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके दोबारा प्रयागराज मंडल में लौटने से रेलवे परिचालन व्यवस्था में और अधिक गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

गौरतलब है कि डॉ. शिवम शर्मा वर्ष 2023 में भी प्रयागराज मंडल में Sr. DOM के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। इसके बाद उनका चयन प्रतिनियुक्ति पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में निदेशक पद के लिए हुआ था। उन्होंने लगभग तीन वर्षों तक राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला में निदेशक के रूप में कार्य किया तथा बाद में सोनीपत स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र में क्षेत्रीय निदेशक के रूप में पदोन्नत हुए। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में खेलों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कराया।

डॉ. शर्मा वर्ष 2024 में पेरिस ओलंपिक के दौरान भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा रहे हैं।

डॉ. शिवम शर्मा भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के 2011 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। रेलवे सेवा के दौरान वे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एवं उप मुख्य दावा अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।

रेलवे दावा अधिकरण की प्रयागराज में स्थापना में उनके योगदान के लिए उन्हें अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। वहीं, वर्ष 2015 से 2017 के बीच टुंडला में मंडल यातायात प्रबंधक रहते हुए उन्होंने अलीगढ़, टुंडला, इटावा, खुर्जा एवं दादरी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यातायात सुविधाओं के विकास से जुड़े अहम कार्य कराए थे।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि डॉ. शर्मा के पुनः प्रयागराज मंडल में आगमन से परिचालन संबंधी कार्यों में तेजी आएगी और रेलवे के खिलाड़ियों को भी विशेष प्रोत्साहन मिलेगा।

इसी क्रम में निवर्तमान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री अकांशु गोविल का स्थानांतरण उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर के पद पर किया गया है।

अमित कुमार सिंह जनसम्पर्क अधिकारी प्रयागराज मंडल