मुरादाबाद सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने कुन्दरकी के परिषदीय विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए अहम निर्देश

मुरादाबाद। मृणाली अविनाश जोशी मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकास क्षेत्र कुन्दरकी के परिषदीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर हमीर, मोहम्मदपुर बस्तौर, लालपुर हमीर तथा आंगनबाड़ी केंद्र फरीदपुर हमीर व लालपुर हमीर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय खण्ड शिक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण में सभी विद्यालय संचालित पाए गए तथा विद्यालयों में सकारात्मक, अनुशासित और प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण देखने को मिला। प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर बस्तौर में डिजिटल संदर्शिका के प्रभावी उपयोग को निपुण टीम द्वारा प्रदर्शित किया गया, जिसे शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया गया।

प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर हमीर में निपुण ऐप पर किए जा रहे असेसमेंट की जानकारी ली गई, जहां कक्षा-2 के विद्यार्थियों ने हिंदी एवं गणित में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं प्राथमिक विद्यालय लालपुर हमीर में कक्षा-5 के विद्यार्थियों द्वारा इंग्लिश रीडिंग प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत की गई, जिसके लिए शिक्षक अंशु अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की गई।

सीडीओ ने विद्यालयों के कक्षा-कक्ष, शौचालय व हैंडवॉश एरिया का निरीक्षण कर साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही फरीदपुर हमीर विद्यालय में मिड-डे मील की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार वितरण की समीक्षा भी की गई।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने नामांकन एवं छात्र उपस्थिति बढ़ाने, 6 वर्ष पूर्ण करने वाले बच्चों का कक्षा-1 में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने तथा कोई भी बच्चा आउट ऑफ स्कूल न रहे इसके निर्देश दिए।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण में नामांकित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति कराने और परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि 3 वर्ष पूर्ण कर चुके सभी बच्चों का आंगनबाड़ी/बाल वाटिका में नामांकन अनिवार्य रूप से कराया जाए।

निरीक्षण के अंत में सीडीओ ने शिक्षकों के शैक्षिक योगदान की सराहना करते हुए बच्चों को उपहार व चॉकलेट देकर प्रोत्साहित भी किया।