अग्निशमन विभाग की सतर्कता से बढ़ी सुरक्षा, 9वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित गैस एजेंसी का निरीक्षण

मुरादाबाद। जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अग्निशमन विभाग लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ आर के पाण्डेय के निर्देश पर अग्निशमन सेवा अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा द्वारा 9वीं वाहिनी पीएसी परिसर में संचालित गैस एजेंसी का सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी में अग्निशमन उपकरणों, सिलेंडर भंडारण व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं हमेशा कार्यशील और अपडेट रखी जाएं, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।

मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने कर्मचारियों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित निरीक्षण और सुरक्षा जागरूकता से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।

अग्निशमन विभाग की इस सक्रियता से स्थानीय नागरिकों और परिसर में कार्यरत लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, जिससे शहर में आग से संबंधित जोखिम को न्यूनतम किया जा सके।