राजगढ़ जिला पंचायत सभागार में सीएससी सेवाओं की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

राजगढ़। जिला पंचायत सभागार में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) सेवाओं की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाना एवं नागरिकों तक शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना रहा।कार्यक्रम में जिले के सीएससी केंद्र संचालकों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सीएससी की प्रमुख सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रशिक्षण प्रदान किया गया।कार्यशाला में सीएससी राज्य कार्यालय से आए राज्य परियोजना प्रबंधक संजय नगरिया ने सीएससी के माध्यम से दी जाने वाली विभिन्न डिजिटल सेवाओं पर प्रकाश डाला। वहीं राज्य कार्यालय से पधारे अधिकारी आशीष द्विवेदी ने टेली लॉ सेवा के माध्यम से ग्रामीणजनों को घर बैठे ऑनलाइन कानूनी सलाह प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।इसके अलावा सीएससी चैनल पार्टनर कंपनी के अधिकारियों द्वारा जीवन बीमा, लोन प्रोडक्ट्स एवं उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी साझा की गई।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाले सीएससी संचालकों एवं अटल सेवा केंद्र के वीएलई को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न बैंकिंग, फाइनेंस एवं इंश्योरेंस प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।