भोजीपुरा जंक्शन पर नुक्कड़ नाटक के जरिए रेल सुरक्षा का संदेश, स्काउट-गाइड ने चलाया जागरूकता अभियान

बरेली। इज्जतनगर मंडल में रेल यात्रियों और आम जनमानस को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भोजीपुरा जंक्शन पर विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. हरीश रैड़तोलिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान के तहत इज्जतनगर मंडल के संरक्षा विभाग और पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ इज्जतनगर के सदस्यों ने संयुक्त रूप से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को रेल सुरक्षा नियमों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान समपार संख्या 228/सी पर भी स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा जन जागरूकता अभियान चलाया गया, जहां नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को रेलवे अनुशासन और सुरक्षा का संदेश दिया गया।

नुक्कड़ नाटक के जरिए स्काउट एवं गाइड सदस्यों ने लोगों को बताया कि फाटक बंद होने पर रेलवे लाइन पार करना जानलेवा हो सकता है, इसलिए नियमों का पालन करना जरूरी है। साथ ही यात्रियों को ट्रेन में यात्रा के दौरान ज्वलनशील पदार्थ जैसे स्टोव, गैस सिलेंडर, केरोसिन, पेट्रोल, डीजल, विस्फोटक सामग्री आदि साथ न ले जाने की सलाह दी गई।

इसके अलावा यात्रियों को धूम्रपान न करने, ट्रेन के पायदान, छत, बफर और कपलिंग पर बैठकर यात्रा न करने, अनाधिकृत स्थानों से रेलवे ट्रैक पार न करने, रेलवे लाइन के पास खेलकूद से बचने तथा रेलवे लाइन के पास पतंग न उड़ाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

स्काउट-गाइड सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को यह भी जागरूक किया कि मवेशियों को रेलवे ट्रैक के पास न चराएं, केवल अधिकृत रेलवे फाटकों से ही लाइन पार करें और गेटमैन पर किसी प्रकार का अनाधिकृत दबाव न बनाएं। साथ ही रेलवे ट्रैक और विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, ओएचई मास्ट को न छूने तथा विद्युत उपकरणों से सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी हरिशंकर, भारत स्काउट एवं गाइड जिला सचिव श्री हरिशंकर सागर, रेलकर्मी तथा स्काउट-गाइड के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से यात्रियों और आम जनता में रेल सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी बढ़ती है और दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलती है।