ATL कम्युनिटी डे पर छात्राओं ने दिखाए नवाचार के मॉडल, गैर-ATL विद्यालयों के छात्र हुए प्रेरित

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 3D प्रिंटर से लेकर रोबोटिक कार तक का प्रदर्शन

वाराणसी। अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा लखनऊ एवं अटल इनोवेशन मिशन (AIM), नीति आयोग भारत सरकार के निर्देश पर डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, वाराणसी में ATL कम्युनिटी डे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 14 से 30 अप्रैल के मध्य चल रहे नवाचार उत्सव का हिस्सा रहा।

इस अवसर पर नॉन-ATL विद्यालयों के विद्यार्थियों को नवाचार और रचनात्मकता से जोड़ने के उद्देश्य से भ्रमण कराया गया। इसी क्रम में भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज, इंग्लिशिया लाइन के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने DIY मॉडल, 3D प्रिंटर, दूरदर्शी, स्मार्ट पादप, मॉनिटरिंग सिस्टम, रोबोटिक कार, ग्लाइडर, पैराशूट मॉडल तथा वायरलेस रेनड्रॉप सेंसर जैसे आधुनिक और वैज्ञानिक मॉडलों का आकर्षक एवं रोचक प्रदर्शन किया। इन मॉडलों ने विद्यार्थियों में विज्ञान और तकनीक के प्रति उत्साह जगाया।

भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. अवधेश प्रजापति एवं डॉ. अखिलेश राय ने कहा कि शासन की यह पहल अत्यंत सराहनीय है, जिससे अन्य विद्यालयों के छात्र भी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निशा यादव ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ATL प्रभारी श्रीमती अर्चना तिवारी सहित शिक्षिकाएं श्रीमती सुधा शर्मा, श्रीमती प्रियंका और आभा जैन का विशेष योगदान रहा।

मॉडलों की प्रस्तुति में छात्राएं कुमारी खुशी प्रजापति, रिशिता मौर्य, सिद्धि मौर्य, शुभ्रा पांडे, मोहिनी प्रजापति, दिव्या दयाल एवं इकरा ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए आगंतुकों को विस्तृत जानकारी दी।