मुरादाबाद में अस्पतालों व नर्सिंग होम्स का फायर ऑडिट, अग्निशमन विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान

मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दिनांक 25 अप्रैल 2026 को महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के अनुपालन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद के दिशा-निर्देशन में स्कीम नंबर-03 के तहत जनपद के विभिन्न अस्पतालों एवं नर्सिंग होम्स का फायर ऑडिट एवं इवैकुएशन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान प्रभारी अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड मुरादाबाद, कटघर, ठाकुरद्वारा, बिलारी और कांठ द्वारा अस्पतालों व नर्सिंग होम्स में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को सदैव कार्यशील अवस्था में रखा जाए तथा समय-समय पर उनका अनुरक्षण कराया जाए।

अग्निशमन विभाग की टीम ने स्टाफ को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, मरीजों की सुरक्षित निकासी एवं प्राथमिक अग्निशमन उपायों के संबंध में जागरूक किया। साथ ही उपस्थित लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस अभियान के अंतर्गत जिन अस्पतालों व नर्सिंग होम्स का निरीक्षण किया गया, उनमें श्री माधव आई एंड हार्ट केयर सेंटर कांठ रोड, अनिका हॉस्पिटल कांठ, धनवंतरी नर्सिंग होम मुरादाबाद व छजलैट, सिग्मा हेल्थ केयर डिगरपुर रोड, शुभ क्लिनिक शाहबाद रोड बिलारी, सीएचसी हॉस्पिटल बिलारी, कस्तूरी नर्सिंग होम कोर्ट रोड, एमएम हॉस्पिटल दस सराय चौकी कटघर, हादिया बसीर हॉस्पिटल जटपुरा ठाकुरद्वारा, जन प्रिया अस्पताल धारक नगला भोजपुर तथा लाइफ अस्पताल भोजपुर शामिल रहे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।