हरदोई में पीएम के आगमन से पहले सीएम योगी ने किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश, 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण

हरदोई। 29 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिलग्राम तहसील के मल्लावां कट स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे लोकार्पण कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, सभा स्थल, वीआईपी मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए।
सभा स्थल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने बैठने की समुचित व्यवस्था, पंडाल की गुणवत्ता, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
यातायात प्रबंधन को लेकर उन्होंने वैकल्पिक मार्ग तय करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और स्पष्ट संकेतक लगाने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। साथ ही हेलीपैड और वीआईपी मूवमेंट से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने एंबुलेंस, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने मैप के माध्यम से तैयारियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने ?हरि शंकरी? पौधारोपण पर भी जोर देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जनपद के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से इसे सफल बनाएं।