उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय प्रयागराज में NCRMU के साथ महाप्रबंधक की अध्यक्षता में स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक आयोजित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय प्रयागराज में दिनांक 23 व 24 अप्रैल 2026 को जोनल स्तर पर नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन (NCRMU) के साथ स्थायी वार्ता तंत्र (P.N.M.) की दो दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने की।

बैठक में उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चन्द्रा ने उपस्थित अधिकारियों एवं यूनियन पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उद्घाटन संबोधन दिया।

इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ शिव गोपाल मिश्रा (महासचिव, AIRF एवं अध्यक्ष, NCRMU),आर.डी. यादव (महामंत्री, NCRMU) सहित यूनियन के समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर मध्य रेलवे के कर्मठ रेलकर्मी यात्रियों को सुरक्षित और संरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने यूनियन द्वारा रेल प्रशासन को दिए जा रहे सहयोग की भी प्रशंसा की।

कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर जोर

महाप्रबंधक ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं के पारदर्शी निवारण के लिए सभी मंडलों एवं इकाइयों में सिंगल विंडो सेल की स्थापना की गई है। अब तक प्राप्त कुल 32340 संदर्भों में से 98.15 प्रतिशत मामलों का निपटारा किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में 26666 कर्मचारियों को उनके कार्य क्षेत्र से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, 194 मृतक आश्रितों को नियुक्ति प्रदान की गई तथा 90 प्रतिशत मामलों में अनुकम्पा नियुक्ति एक माह के भीतर सुनिश्चित की गई।

इसके साथ ही चयन, सुटेबिलिटी एवं ट्रेड टेस्ट के माध्यम से वित्तीय वर्ष में अब तक 6032 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया।

यात्री एवं माल ढुलाई में रिकॉर्ड उपलब्धि

महाप्रबंधक ने परिचालन क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वित्त वर्ष 01.04.2025 से 31.03.2026 तक उत्तर मध्य रेलवे में 15.51 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.5 प्रतिशत अधिक है। इससे 3443.85 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष से 0.9 प्रतिशत अधिक रही।

उन्होंने बताया कि इसी अवधि में मालभाड़ा लदान से 2292.48 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष से 12.2 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही उत्तर मध्य रेलवे ने वित्त वर्ष 2025-26 में 20.97 मीट्रिक टन का उच्चतम मूल लोडिंग हासिल कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

बेहतर समन्वय से नए कीर्तिमान बनाने की अपील

महाप्रबंधक ने कहा कि यह रेल परिवार के लिए गर्व की बात है कि रेलवे कर्मचारी समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं और यूनियन भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिबद्ध है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि रेल प्रशासन और यूनियन मिलकर भविष्य में भी इसी तरह बेहतर कार्य करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।