मानसून से पहले एनएफआर जीएम ने लामडिंग मंडल के बडरबी-बदरपुर-पाथरखोला खंड का किया सुरक्षा निरीक्षण

मानसून से पहले एनएफआर जीएम ने लामडिंग मंडल के बडरबी-बदरपुर-पाथरखोला खंड का किया सुरक्षा निरीक्षण

ट्रैक मजबूती, जलभराव और भू-क्षरण रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने मानसून से पूर्व सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए 21 अप्रैल 2026 को लामडिंग मंडल के अंतर्गत बडरबी-बदरपुर तथा बदरपुर-पाथरखोला रेलखंडों का व्यापक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण चल रहे सुरक्षा अभियान और अवसंरचनात्मक तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया, ताकि आगामी मानसून के दौरान रेल परिचालन सुरक्षित एवं सुचारू बना रहे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने पटरियों की स्थिति का आकलन करने और संरचनात्मक मजबूती की जांच के लिए विशेष विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस प्रक्रिया के जरिए जलभराव, भू-क्षरण और ट्रैक अस्थिरता जैसी मानसून से जुड़ी चुनौतियों को लेकर रेलवे अवसंरचना की मजबूती परखने के साथ कमजोरियों की पहचान की गई। महाप्रबंधक ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निरंतर निगरानी और समय पर अनुरक्षण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान श्रीवास्तव ने बदरपुर में नव निर्मित उप-मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र तथा अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन (यूएसएफडी) प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ये आधुनिक सुविधाएं रेलवे कर्मियों की तकनीकी क्षमता बढ़ाने और ट्रैक निरीक्षण व दोष पहचान प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होंगी।

महाप्रबंधक ने अपने दौरे के दौरान बदरपुर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया और वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह निरीक्षण मिजोरम में बइरबी से सायरंग तक विस्तारित महत्वपूर्ण रेल संपर्क परियोजना के संदर्भ में भी बेहद अहम माना जा रहा है। वर्ष 2025 में शुरू हुई इस रेल लिंक परियोजना से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ है और मिजोरम को देश के अन्य हिस्सों से आर्थिक रूप से जोड़ने में मदद मिली है। वहीं सायरंग तक रेल सेवा शुरू होने से पर्यटन और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिला है।

एनएफआर ने बताया कि विस्तारित नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी होने के कारण बइरबी तक के मौजूदा रेलखंडों की सुरक्षा और मजबूती सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

कपिंजल किशोर शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी