पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में सीमेंट परिवहन ने 2025-26 में दर्ज की तेज वृद्धि

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में सीमेंट परिवहन ने 2025-26 में दर्ज की तेज वृद्धि

इनवर्ड मूवमेंट में 7.8% बढ़ोतरी, लोडिंग में 152.7% का रिकॉर्ड उछाल

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान रेल द्वारा सीमेंट परिवहन और टर्मिनलों पर सीमेंट की लोडिंग-अनलोडिंग में अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है। एनएफआर द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सीमेंट ट्रैफिक में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है, जिससे पूर्वोत्तर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास और माल ढुलाई क्षमता को नई मजबूती मिली है।

एनएफआर के अनुसार सीमेंट के इनवर्ड मूवमेंट में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह आंकड़ा 2024-25 में 9.05 मिलियन टन से बढ़कर 2025-26 में 9.76 मिलियन टन तक पहुंच गया। वहीं सीमेंट लोडिंग के क्षेत्र में रेलवे ने रिकॉर्ड उपलब्धि हासिल की है, जहां 152.7 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई।

सैरांग स्टेशन पर पहली बार उतरी सीमेंट रेक

एनएफआर की प्रमुख उपलब्धियों में 14 सितंबर 2025 को सैरांग रेलवे स्टेशन पर पहली बार सीमेंट रेक की सफल अनलोडिंग शामिल है। यह रेक गुवाहाटी के पास स्टार सीमेंट साइडिंग से लोड की गई थी और यह नव-निर्मित बैराबी-सैरांग रेल मार्ग पर संचालित पहली मालगाड़ी रही। इस घटना को मिजोरम सहित पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।

नागालैंड के मोल्वोम स्टेशन पर भी पहली बार सीमेंट रेक पहुंची

एनएफआर ने 24 सितंबर 2025 को नागालैंड के मोल्वोम रेलवे स्टेशन पर पहली बार सीमेंट रेक उतारकर एक और मील का पत्थर स्थापित किया। इस रेक में 41 वैगन शामिल थे, जिन्हें तेलंगाना स्थित एम/एस माई होम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से सीमेंट लोड कर भेजा गया था।

स्टार सीमेंट साइडिंग पर पहली बार इलेक्ट्रिक लोको से मालगाड़ी

एनएफआर ने 11 मार्च 2025 को टेटेलिया स्थित व्यस्त स्टार सीमेंट साइडिंग पर पहली बार इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से मालगाड़ी भी संचालित की। उल्लेखनीय है कि फरवरी 2025 के दौरान इस साइडिंग ने कुल 50 रेक हैंडल की थीं।

अगरतला के पास निशचिंतपुर टर्मिनल पर भी ऐतिहासिक उपलब्धि

एनएफआर ने 24 मार्च 2025 को अगरतला के पास निशचिंतपुर टर्मिनल पर सीमेंट लेकर पहली मालगाड़ी सफलतापूर्वक पहुंचाई। यह कंसाइनमेंट टेटेलिया स्थित स्टार सीमेंट साइडिंग से भेजी गई थी। इसे अगरतला-अखौरा नई रेल लिंक परियोजना के तहत त्रिपुरा और पूर्वोत्तर में फ्रेट कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि सीमेंट परिवहन में यह उपलब्धि रेलवे के निरंतर प्रयासों और फ्रेट दक्षता बढ़ाने की रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एनएफआर आने वाले समय में भी पूर्वोत्तर क्षेत्र में माल परिवहन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।