जम्मू मंडल की ऐतिहासिक उपलब्धि: अमूल दूध की विशेष मालगाड़ी गुजरात से जम्मू-कश्मीर पहुंची, पोषण और निर्बाध आपूर्ति को मिला नया बल

जम्मू। जम्मू मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए एक महत्वपूर्ण पहल को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। पहली बार गुजरात से अमूल दूध और डेयरी उत्पादों की विशेष मालगाड़ी जम्मू-कश्मीर पहुंची है। यह विशेष ट्रेन अहमदाबाद मंडल के लिंच गुड्स शेड से रवाना होकर जम्मू मंडल के बाड़ी ब्राह्मणा और अनंतनाग रेलवे गुड्स शेड तक सफलतापूर्वक पहुंची।

इस ऐतिहासिक खेप के तहत कुल 20 BCN वैगनों में अमूल के डेयरी उत्पाद भेजे गए, जिनमें से 10 BCN वैगन बाड़ी ब्राह्मणा के लिए और 10 BCN वैगन अनंतनाग के लिए निर्धारित थे। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी मात्रा में अमूल दूध और डेयरी उत्पादों की आपूर्ति सीधे रेल मार्ग से जम्मू-कश्मीर तक पहुंचाई गई है।

जानकारी के अनुसार यह विशेष मालगाड़ी 20 अप्रैल को गुजरात के लिंच गुड्स शेड से रवाना की गई थी। बाड़ी ब्राह्मणा पहुंचे 10 BCN वैगनों में लगभग 500 टन सामग्री थी, जबकि अनंतनाग पहुंचे 10 BCN वैगनों में भी करीब 500 टन वजन की खेप भेजी गई। इस मालगाड़ी में अमूल के प्रमुख उत्पाद जैसे टोंड मिल्क, दूध पाउडर, मठ्ठा और लस्सी सहित अन्य डेयरी उत्पाद शामिल थे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहल जम्मू-कश्मीर में खाद्य सुरक्षा और पोषण संबंधी जरूरतों को सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे न केवल दूध और डेयरी उत्पादों की निर्बाध आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों तक आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने में भारतीय रेलवे की भूमिका भी और अधिक सशक्त होगी।

रेलवे ने बताया कि इससे पहले भी अक्टूबर 2025 में कश्मीर घाटी में माल परिवहन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई थी, जब 1,350 टन औद्योगिक नमक की पहली रेल खेप गुजरात के अहमदाबाद मंडल के खाराघोड़ा स्टेशन से अनंतनाग स्टेशन तक सफलतापूर्वक पहुंचाई गई थी। नमक और अब दुग्ध उत्पादों की इन सफल रेल खेपों के माध्यम से जम्मू मंडल ने अपने व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान की है।

इस पहल से गुजरात के डेयरी और औद्योगिक क्षेत्रों को कश्मीर घाटी के बाजारों से सीधे जोड़ने में भी सहायता मिलेगी, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को भी बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि गुजरात के लिंच रेलवे स्टेशन से रवाना हुई अमूल दूध और डेयरी उत्पादों की पहली विशेष कार्गो ट्रेन का बाड़ी ब्राह्मणा (जम्मू) पहुंचना पूरे जम्मू मंडल के लिए गौरवशाली क्षण है। उन्होंने बताया कि कुल 20 BCN वैगनों में से 10 वैगन सीधे बाड़ी ब्राह्मणा में खाली किए गए हैं। यह पहल जम्मू-कश्मीर के नागरिकों, व्यापारियों और परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।

उन्होंने कहा कि इस सीधी आपूर्ति से जम्मू शहर सहित आसपास के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों में ताजे दूध और डेयरी उत्पादों की उपलब्धता लगातार बनी रहेगी। साथ ही इस रेल सेवा से सड़क परिवहन की तुलना में लागत और समय दोनों में बड़ी बचत होगी, जिससे स्थानीय बाजार और उपभोक्ताओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

रेलवे प्रशासन ने इस पहल को जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था, व्यापार और खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने वाला कदम बताया है और भविष्य में इस तरह की और भी विशेष मालगाड़ियों के संचालन की संभावना जताई है।