हरदोई में सड़क पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान, भीषण गर्मी और शॉर्ट सर्किट मानी जा रही वजह

हरदोई। बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर स्थित फर्दापुर क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती सीएनजी कार में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही क्षणों में कार आग का गोला बन गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, वैगनआर कार सड़क पर दौड़ रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद सड़क पर चल रहे अन्य वाहन भी जहां-के-तहां रुक गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में आग लगने के बाद तेज लपटें उठने लगीं और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि वाहन में सीएनजी सिस्टम होने और भीषण गर्मी के चलते आग भड़कने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते चालक और आसपास मौजूद लोगों ने दूरी बना ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों, विशेषकर सीएनजी सिस्टम की नियमित जांच कराते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।