हरदोई में न्याय न मिलने पर पीड़ित का पदयात्रा का ऐलान, मुख्यमंत्री से लगाएगा गुहार, 9.5 लाख के धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई न होने से है परेशान 

हरदोई। जिले में कथित धोखाधड़ी के एक मामले में न्याय न मिलने से परेशान पीड़ित ने अब पदयात्रा और आमरण अनशन का ऐलान कर दिया है। पीड़ित का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते वह अब सीधे मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने के लिए मजबूर है।
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पचकोहरा मजरा महुईपुरी का है। यहां के निवासी रविकांत मिश्रा पुत्र अंबिका प्रसाद मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनके साथ करीब 9.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। उनके अनुसार, आरोपियों ने फर्जी बिल और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से उनके बैंक खाते से धनराशि निकाल ली, जबकि उन्हें कोई सामान प्राप्त नहीं हुआ।
पीड़ित का कहना है कि इस संबंध में मुकदमा संख्या 438/25 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है, लेकिन अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में लापरवाही बरती जा रही है और कुछ आरोपियों के नाम भी मामले से बाहर कर दिए गए हैं।
रविकांत मिश्रा ने बताया कि उन्होंने कई बार जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते उन्होंने 20 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे से जिलाधिकारी कार्यालय हरदोई से लखनऊ तक पदयात्रा शुरू करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि वह इस दौरान आमरण अनशन भी करेंगे और यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मामले को लेकर अब स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और लोगों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।