इज्जतनगर मंडल में रेल सुरक्षा संवाद आयोजित, जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

बरेली। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा मंडल रेल सुरक्षा बल, इज्जतनगर के तत्वावधान में रेल सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन मैत्री सामुदायिक केंद्र, इज्जतनगर में किया गया। इस संवाद का विषय ?रेल सुरक्षा और स्थानीय निकायों की भूमिका? रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार ने की।

इस कार्यक्रम में बरेली सिटी से लालकुआँ एवं भोजीपुरा से पीलीभीत रेल खंडों के आसपास रहने वाले क्षेत्र की नगर पालिकाओं के चेयरमैन, नगर निगम पार्षद, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य सहित 60 से अधिक जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने संबोधन में कहा कि इज्जतनगर मंडल में पिछले कुछ वर्षों से सुरक्षा एवं संरक्षा को लेकर कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के पास बसे गांवों और कस्बों में लोग अवैध रूप से ट्रैक पार करते हैं, जिससे मैन रनओवर की घटनाएं होती हैं। इसके अलावा पशुओं को खुला छोड़ने से कैटल रनओवर की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा बच्चों द्वारा चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं भी चिंता का विषय हैं।

उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में नागरिकों को जागरूक कर रेलवे सुरक्षा में सहयोग करें।

मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस संवाद का मुख्य उद्देश्य रेलवे ट्रैक को अनाधिकृत रूप से पार करने, सीआरओ (कैटल रनओवर), एमआरओ (मैन रनओवर) एवं रेलवे समपार के नीचे से वाहनों की अवैध निकासी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान सीआरओ एवं एमआरओ की घटनाओं का विवरण चित्र और वीडियो के माध्यम से बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय)भारत भूषण, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षण अधिकारी डॉ. हरीश रैडतोलिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अरिजित सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सहायक सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद शारिक खान द्वारा किया गया।

संजीव शर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक,इज्जतनगर मंडल