इज्जतनगर मंडल में विशेष अभियान: ट्रेनों से अनाधिकृत पानी की बोतलें व पेटियां जब्त, अवैध वेंडरों पर कार्रवाई

बरेली।रेल यात्रियों को स्वच्छ एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ तथा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ग्रीष्मकाल के दौरान विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन रेल संपत्ति की सुरक्षा, अवैध सामानों की धर-पकड़ और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा के दिशा-निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा के नेतृत्व में अनाधिकृत वेंडरों और खाद्य एवं पेय पदार्थों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है।

अभियान के तहत गाड़ी संख्या 15084 में जांच के दौरान ब्रांड ?ऐलविश? की 1000 एमएल की अनाधिकृत पानी की 48 बोतलें ड्रम सहित बरामद की गईं। प्रति बोतल मूल्य 14 रुपये बताया गया। जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए वाणिज्य अधीक्षक कन्नौज को सुपुर्द किया गया।

वहीं काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15044 के एम-1 कोच से आईआरसीटीसी स्टाफ द्वारा बिक्री के लिए रखी गई अनअप्रूव्ड ब्रांड पानी की 25 पेटियां संयुक्त जांच अभियान के तहत जब्त की गईं। इस मामले में आवश्यक कार्रवाई जारी है।

इसके अलावा बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 12036 के कोच डी-5 में एक अनाधिकृत वेंडर को पकड़ा गया। उसे रेलवे सुरक्षा बल के सुपुर्द कर धारा-144 के तहत कार्रवाई की गई।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल तथा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि ट्रेनों में मिलावटी और अनाधिकृत सामग्री की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल