फिरोजपुर मंडल कार्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई

फिरोजपुर। मंडल कार्यालय फिरोजपुर में बुधवार को भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं महान समाज सुधारक डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम मंडल कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक तथा दलितों के सशक्त नेता थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के योगदान से देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हुए, जो भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव है।

उन्होंने आगे कहा कि डॉ. अंबेडकर जयंती का यह दिन सामाजिक समानता, शिक्षा और न्याय के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश देता है। इस अवसर पर रेलवे परिवार ने भेदभाव रहित, एकजुट और समतामूलक भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में एससी-एसटी मंडल सचिव सतीश कुमार तथा केंद्रीय उपाध्यक्ष (एनआरएमयू)प्रवीण कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में सामाजिक समरसता एवं समानता की भावना को मजबूत करना रहा।